एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर शिकंजा, धौरण रोड और सहस्त्रधारा रोड पर कई निर्माण सील

:- स्वीकृत मानचित्रों से छेड़छाड़ कर भवन बनाने और बिना अनुमति दुकानों का निर्माण करने पर हुई कार्रवाई, तीन स्थानों पर प्रवर्तन टीम ने की सीलिंग

:- उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले- नियोजित विकास से समझौता नहीं, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

देहरादून, 31 अक्टूबर। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने शहर में अवैध और अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने धौरण रोड स्थित आईटी पार्क क्षेत्र और सहस्त्रधारा रोड पर अभियान चलाकर नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण कार्यों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्वीकृत मानचित्रों से विचलन कर भवन निर्माण करने और बिना मानचित्र स्वीकृति के दुकानें बनाने के मामले सामने आए। प्राधिकरण ने संबंधित मामलों में नियमानुसार वाद योजित करने के बाद वैधानिक प्रक्रिया के तहत सीलिंग की कार्रवाई की।

छह स्वीकृत मानचित्रों को जोड़कर बनाया जा रहा था एक भवन

एमडीडीए की टीम ने धौरण रोड स्थित आईटी पार्क क्षेत्र के दून डिवाइन परिसर में मैसर्स युग रियल एलएलपी (देवेश वरयानी) के निर्माण कार्य पर कार्रवाई की। प्राधिकरण के अनुसार, यहां छह अलग-अलग स्वीकृत मानचित्रों के अनुरूप प्रस्तावित निर्माणों को आपस में जोड़कर एक भवन के रूप में विकसित किया जा रहा था। स्वीकृत मानचित्रों से विचलन कर फ्लैट बनाने के उद्देश्य से निर्माण किए जाने का मामला सामने आने पर प्राधिकरण ने उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास) अधिनियम के प्रावधानों के तहत वाद योजित किया। इसके बाद मौके पर पहुंचकर संबंधित निर्माण को सील कर दिया गया।

सहस्त्रधारा रोड पर सात दुकानों का अनाधिकृत निर्माण

प्राधिकरण की दूसरी कार्रवाई सहस्त्रधारा रोड स्थित मंदाकिनी विहार में की गई। यहां शुभ्रा राय द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के तीन दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण ने संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने और निर्माण से जुड़े अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए विभिन्न तिथियां निर्धारित की थीं, लेकिन संतोषजनक जवाब और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद निर्माण को सील कर दिया गया।

इसी क्रम में सहस्त्रधारा रोड पर नॉर्थ साइड सिटी पार्क के निकट साहनी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के चार दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। इस मामले में भी नियमानुसार वाद योजित कर वैधानिक प्रक्रिया अपनाने के बाद संबंधित निर्माण को सील कर दिया गया।

नियोजित विकास से समझौता नहीं, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई : बंशीधर तिवारी

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों का सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक निर्माण निर्धारित भवन उपविधियों और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप होना चाहिए। बिना मानचित्र स्वीकृति निर्माण करना अथवा स्वीकृत मानचित्र में मनमाने ढंग से बदलाव करना नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रख रहा है और शिकायत मिलने अथवा अनाधिकृत निर्माण की जानकारी संज्ञान में आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने निर्माणकर्ताओं और आमजन से अपील की कि भवन, दुकान या व्यावसायिक परिसर का निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण कराएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

नियमित निगरानी के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई : मोहन सिंह बर्निया

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध और अनाधिकृत निर्माणों पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। बिना मानचित्र स्वीकृति अथवा स्वीकृत मानचित्र से विचलन के मामलों में नियमानुसार वाद योजित कर संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सीलिंग सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने निर्माणकर्ताओं से अपील की कि सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू करें। प्राधिकरण का अभियान शहर के सुव्यवस्थित विकास और निर्माण नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *