पटेलनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो शातिर अपराधियों के पैर में लगी गोली

:- हरिद्वार से देहरादून आकर बंद घरों की रेकी कर रहे थे दोनों आरोपी, पुलिस पर की फायरिंग; जवाबी कार्रवाई में हुए घायल

देहरादून। एसएसपी देहरादून की सख्ती और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान का असर एक बार फिर देखने को मिला। पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो देसी तमंचे, चार जिंदा कारतूस, छह खोखा कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर की रात पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि पिछले दिनों पटेलनगर और विकासनगर क्षेत्र में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं में शामिल आरोपी दोबारा देहरादून आए हैं। दोनों अलग-अलग स्थानों पर घूमकर बंद घरों की रेकी कर रहे थे और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।

इसी दौरान नया गांव क्षेत्र में रामगढ़ पेट्रोल पंप के पास सिंहनीवाला की ओर से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को चेकिंग करता देख बाइक सवार दोनों व्यक्ति तेजी से मोटरसाइकिल भगाकर चौकी नयागांव की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम के माध्यम से अन्य थानों को सूचना देते हुए उनका पीछा किया।

पुलिस के अनुसार, भुड़पुर की ओर भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली लगने से पुलिस के सरकारी वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। आगे कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद दोनों आरोपी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने दोबारा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई।

हरिद्वार के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

घायल बदमाशों की पहचान समीम पुत्र इलियास (35 वर्ष), निवासी मदरसे के पास बड़ी मस्जिद रामपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार और शहजाद पुत्र इकलाख (40 वर्ष), निवासी पम्पे के सामने कब्रिस्तान के पास रामपुर, रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों के कब्जे से दो 315 बोर के देसी तमंचे, चार जिंदा कारतूस, छह खोखा कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अपनी मोटरसाइकिल पर टैक्सी की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे, ताकि पुलिस से बच सकें।

पटेलनगर और विकासनगर में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पूर्व में पटेलनगर और विकासनगर क्षेत्र में शाम के समय बंद घरों की रेकी कर चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इन घटनाओं में मिले सामान को उन्होंने हरिद्वार के एक स्थानीय व्यक्ति को बेच दिया था। पूछताछ में दोनों ने यह भी बताया कि वे दोबारा आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से हरिद्वार से देहरादून आए थे और पटेलनगर व आसपास के क्षेत्रों में बंद घरों की रेकी कर रहे थे।

दोनों के खिलाफ दर्ज हैं दर्जनों मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ देहरादून और हरिद्वार में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

अभियुक्त समीम के खिलाफ पटेलनगर, ऋषिकेश, वसंत विहार, रुड़की और अन्य थानों में दर्ज मुकदमों के अलावा वर्ष 2026 में पटेलनगर क्षेत्र में चोरी और नकबजनी के तीन मुकदमे (मु०अ०सं० 769/26, 776/26 और 777/26) दर्ज हैं।

वहीं, शहजाद के खिलाफ भी वसंत विहार, पटेलनगर और मंगलौर सहित विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ भी पटेलनगर क्षेत्र में वर्ष 2026 के उक्त तीन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज

पुलिस टीम पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में मु०अ०सं० 827/26, धारा 109(1) बीएनएस और 25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *