:- वागनआर कार से 6 तमंचे, 1 राइफल और कारतूस बरामद, यूपी-उत्तराखंड नेटवर्क का खुलासा
रुद्रपुर/ऊधमसिंह नगर, 13 अप्रैल। उत्तराखण्ड एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय अवैध हथियार तस्कर को भारी मात्रा में हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 6 तमंचे 315 बोर, एक 12 बोर राइफल, दो खोखा कारतूस और एक वैगनआर कार बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश गंगवार निवासी आमखेड़ा, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में किच्छा के उत्तरांचल कॉलोनी में रह रहा था। एसटीएफ के अनुसार आरोपी लंबे समय से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में अवैध हथियारों की सप्लाई में सक्रिय था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश और डीजीपी दीपम सेठ के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध हथियारों और गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर हथियार तस्करी की सूचना मिलने पर एसटीएफ ने पुलभट्टा पुलिस के साथ संयुक्त घेराबंदी की।
टीम ने पुलभट्टा थाना क्षेत्र में एक वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद हथियार उत्तर प्रदेश की अवैध फैक्ट्री में तैयार किए गए थे और इन्हें उत्तराखंड में सप्लाई किया जाना था।
एसटीएफ का कहना है कि इस गिरफ्तारी से यूपी-उत्तराखंड में सक्रिय एक बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। आरोपी से उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलभट्टा थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
एसटीएफ के मुताबिक, इस वर्ष अब तक 21 अवैध हथियार, 35 कारतूस बरामद कर 8 शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।