:- अंधेरे में घात लगाकर बैठे शेर ने युवक का सिर धड़ से किया अलग
अमरेली (गुजरात)। गुजरात के अमरेली जिले में शेर के हमले में उत्तराखंड के 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान पिथौरागढ़ जिले के धरी धूमला कोटे निवासी प्रकाश चंद्र (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अमरेली में एक स्थानीय होटल-रेस्टोरेंट में काम करता था।
जानकारी के अनुसार, घटना वाली रात प्रकाश चंद्र काम खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कोवाया गांव के पास अंधेरे में बबूल की घनी झाड़ियों में घात लगाए बैठे शेर ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद शेर युवक को घसीटकर जंगल की ओर ले गया।
शेर का प्रतीकात्मक फोटो
बताया जा रहा है कि शेर ने युवक का सिर धड़ से अलग कर दिया और शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तलाशी अभियान के दौरान युवक के क्षत-विक्षत शव के अवशेष बरामद किए गए। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। वन विभाग ने लोगों से रात के समय जंगल और झाड़ियों वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है। बताया जा रहा है कि वन विभाग के कर्मचारियों ने उस शेर को ट्रेंकुलाइज कर दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने युवक के परिजनों को मुआवजा देने और इलाके में शेरों के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की है।