एमडीडीए के समाधान दिवस में जनता की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

: लगभग 15 शिकायतों की सुनवाई, अवैध निर्माण, भवन मानचित्र, सड़क, जल निकासी और भूमि संबंधी मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर

देहरादून, 03 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में सोमवार को आयोजित ‘समाधान दिवस’ के दौरान आमजन की शिकायतों और सुझावों की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्राधिकरण मुख्यालय में आयोजित समाधान दिवस में विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 15 नागरिकों ने अपनी शिकायतें और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। इनमें अवैध निर्माण, भवन मानचित्र, विकास कार्य, सड़क, जल निकासी, भूमि संबंधी विवाद तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे। कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

इस दौरान सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, क्षेत्रीय अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को विस्तार से सुना और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप शासन-प्रशासन को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों को एक ही मंच पर अपनी समस्याएं रखने का अवसर देना और उनका समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत और सुझाव का विधिसम्मत एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिकायतकर्ताओं से नियमित संपर्क बनाए रखें और तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें, जिससे आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *