राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण की अध्यक्षता में यूजेवीएन मुख्यालय में समीक्षा, विभिन्न बांध परियोजनाओं की प्रगति और चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा
देहरादून, 3 अगस्त। यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में सोमवार को जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण (National Dam Safety Authority) द्वारा बांध सुरक्षा अधिनियम-2021 के तहत समयबद्ध वैधानिक अनुपालनों (Time-bound Statutory Activities) की प्रगति की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य अधिनियम के सभी प्रावधानों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करते हुए देश में बांधों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना रहा।
बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण के सदस्य (नीति एवं अनुसंधान) श्री प्रमोद नारायण ने की। इस दौरान राज्य की विभिन्न बांध परियोजनाओं से जुड़े विभागों एवं कंपनियों ने बांध सुरक्षा अधिनियम-2021 के अनुपालन में किए जा रहे कार्यों तथा भविष्य की कार्ययोजना का पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण दिया।
यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक (परिचालन) श्री जी.एस. बुदियाल ने बताया कि बैठक में व्यापक बांध सुरक्षा मूल्यांकन (Comprehensive Dam Safety Evaluation), जोखिम आकलन (Risk Assessment), आपातकालीन कार्ययोजना (Emergency Action Plan) सहित अन्य समयबद्ध वैधानिक दायित्वों को शीघ्र पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि बांध सुरक्षा संबंधी कार्यों को गति देने के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय, जल संसाधन विभाग तथा राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण समय-समय पर राज्यों एवं संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते रहते हैं।
बैठक में यूजेवीएन लिमिटेड, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, एसजेवीएन लिमिटेड, रिन्यू जल ऊर्जा प्राइवेट लिमिटेड, अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड तथा जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड के अधिकारियों ने भाग लिया। समीक्षा के दौरान यूजेवीएन लिमिटेड के सात बांधों, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के दो, एसजेवीएन लिमिटेड के दो, रिन्यू जल ऊर्जा प्राइवेट लिमिटेड के एक, जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड के एक तथा अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड के एक बांध से संबंधित कार्यों की प्रगति और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राज्य बांध सुरक्षा संगठन, उत्तराखंड के चेयरमैन एवं मुख्य अभियंता, सिंचाई विभाग श्री शंकर शाह, सदस्य एसडीएसओ एवं यूजेवीएन लिमिटेड के उपमहाप्रबंधक श्री हेमंत कुमार श्रीवास्तव, यूजेवीएन लिमिटेड के अधिशासी निदेशक श्री राजीव अग्रवाल, टीएचडीसी के मुख्य महाप्रबंधक श्री आर.आर. सेमवाल, एसजेवीएन लिमिटेड से श्री अमरदीप हौसला एवं श्री कुलदीप लखेड़ा, अलकनंदा हाइड्रो पावर से मोहम्मद शाहिद एवं श्री राजन सिंह, जेपीवीएल से श्री नागराज सहित विभिन्न परियोजनाओं के अभियंता एवं अधिकारी उपस्थित रहे। यूजेवीएन लिमिटेड के महाप्रबंधक श्री संजय जोशी ने बैठक के दौरान विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक के अंत में बताया गया कि राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण के सदस्य एवं अन्य अधिकारी मंगलवार को यूजेवीएन लिमिटेड की लखवाड़ परियोजना का स्थलीय निरीक्षण एवं भ्रमण करेंगे।