सरकारी जमीन पर कब्जे और अवैध प्लॉटिंग की शिकायतों पर जांच के निर्देश

:- जन समाधान दिवस में भूमि विवाद के मामले छाए, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश; स्कूल के खेल मैदान और बुजुर्ग महिला की शिकायत भी पहुंची

देहरादून, 21 सितंबर। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर सोमवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा और अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार की संयुक्त अध्यक्षता में जन समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। समाधान दिवस में 137 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं।

समाधान दिवस में अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, सरकारी भूमि पर कब्जे और अतिक्रमण से संबंधित रहीं। इसके अलावा आर्थिक सहायता, भरण-पोषण अधिनियम, आपसी विवाद, वित्तीय धोखाधड़ी सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामले भी सामने आए। अपर जिलाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यूपीआई से 99 हजार रुपये ट्रांसफर होने की शिकायत

विकासनगर निवासी सुनील पठानिया ने शिकायत की कि उनकी जानकारी के बिना यूपीआई के माध्यम से 99 हजार रुपये किसी अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी विकासनगर को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

लखवाड़ बांध प्रभावित परिवारों ने मांगा पुनर्स्थापना अनुदान

लखवाड़ बांध परियोजना से प्रभावित ग्राम लूहन, लखस्यार, डांडा और खेड़ा के ग्रामीणों ने पुनर्स्थापना अनुदान (कृषि मजदूरी) से वंचित पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध न करा पाने के कारण कुछ पात्र परिवार अनुदान से वंचित रह गए हैं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को स्थलीय परीक्षण और अभिलेखीय जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

जॉलीग्रांट में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और प्लॉटिंग की शिकायत

जॉलीग्रांट, डोईवाला के निवासियों ने ग्राम सभा की सरकारी एवं ग्राम समाज की भूमि पर कथित अवैध कब्जे और प्लॉटिंग की शिकायत की। शिकायत में पट्टों की भूमि के अलावा ग्राम समाज, नदी-जोहड़, तालाब, जंगलात और कृषि भूमि पर भी कथित अवैध प्लॉटिंग का आरोप लगाया गया। वर्ष 1965 में ट्यूबवेल और सिंचाई नहर के लिए छोड़ी गई भूमि पर कथित अतिक्रमण का भी उल्लेख किया गया।

मामले में उप जिलाधिकारी डोईवाला को अभिलेखीय एवं स्थलीय जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्कूल ने खेल मैदान के लिए सरकारी भूमि मांगी

राजीव बाल विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल, चकमनसा, ग्राम पंचायत भुड्डी की प्रबंधक आनन्दी देवी ने विद्यालय के सामने स्थित सरकारी भूमि को खेल मैदान और विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। विद्यालय ने खसरा संख्या 24, रकबा 0.102 हेक्टेयर भूमि को नियमानुसार आवंटित अथवा दीर्घकालिक लीज पर उपलब्ध कराने की मांग की।

अपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी विकासनगर को राजस्व अभिलेखों और भूमि की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

78 वर्षीय महिला ने बहू पर घर से बाहर करने का लगाया आरोप

नई बस्ती, बलबीर रोड, डालनवाला निवासी 78 वर्षीय माया देवी ने अपनी बहू द्वारा घर से बाहर किए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मकान उनके पति के नाम है और पुत्र की दिसंबर 2024 में मृत्यु के बाद उन्हें मकान में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। वर्तमान में उनकी बेटियां उनकी देखभाल कर रही हैं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

टर्नर रोड पर 450 फीट लंबी भूमि पट्टी से कब्जा हटाने की मांग

लेन नंबर सी-15, टर्नर रोड, एकता विहार के निवासियों ने हरिद्वार बाईपास के समीप सड़क के दाहिनी ओर स्थित करीब 450 फीट लंबी भूमि पट्टी से कथित अवैध कब्जा हटाने की मांग की। शिकायतकर्ताओं के अनुसार भूमि पूर्व में ग्राम समाज की थी और नगर निगम गठन के बाद नगर निगम के अधीन है।

निवासियों ने बताया कि वर्ष 2017 में कथित अवैध निर्माण की शिकायत के बाद नगर निगम और एमडीडीए ने निर्माण ध्वस्त किया था। वर्तमान में भूमि पर कूड़ा डाले जाने से स्वच्छता की समस्या और मार्ग पर यातायात दबाव के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने भूमि को अधिकृत कब्जे में लेकर सी-15 मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि कुछ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *