उत्तराखंड के हल्द्वानी में फिल्मी अंदाज में फर्जी पुलिस की असली डकैती

SOG बनकर कमर्शियल ऑफिस में घुसे 8 से 10 हथियारबंद बदमाश , 8 लाख नकद समेत सोना और मोबाइल लूटे

गोरापड़ाव के कमर्शियल ऑफिस में फिल्मी अंदाज में डकैती, हथियारों के बल पर लोगों से उतरवाईं सोने की चेन-अंगूठियां; पुलिस ने गठित की चार टीमें

हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र में बुधवार देर रात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में डकैती की वारदात को अंजाम देकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। करीब 8 से 10 हथियारबंद बदमाश खुद को पुलिस की SOG टीम बताकर एक कमर्शियल ऑफिस में घुसे और वहां मौजूद लोगों को तमंचे के बल पर बंधक जैसा बना लिया। बदमाश करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने की दो चेन, अंगूठियां और 12 मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

कार से पहुंचे बदमाश, खुद को बताया SOG टीम

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात एक कार गोरापड़ाव स्थित कमर्शियल ऑफिस के बाहर आकर रुकी। कार से 8 से 10 बदमाश उतरे और सीधे ऑफिस के अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों पर तमंचे तान दिए और खुद को पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) टीम का सदस्य बताया।

उस समय ऑफिस में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे और जुआ खेल रहे थे। अचानक पुलिस कार्रवाई जैसी स्थिति देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए और उन्होंने किसी तरह का विरोध नहीं किया।

नकदी के साथ सोने के आभूषण भी लूटे

बदमाशों ने ऑफिस में रखी करीब 8 लाख रुपये की नकदी अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों को धमकाकर उनके हाथों से सोने की अंगूठियां और दो सोने की चेन भी उतरवा लीं।

वारदात के बाद बदमाश वहां मौजूद 12 मोबाइल फोन भी लूटकर ले गए। माना जा रहा है कि मोबाइल फोन इसलिए छीने गए, ताकि पीड़ित तत्काल पुलिस को सूचना न दे सकें। इसके बाद सभी बदमाश कार में सवार होकर बरेली रोड की ओर फरार हो गए।

CCTV और सर्विलांस से बदमाशों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस टीमें घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस की मदद से बदमाशों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *