श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में खुलेगा इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर

:- दूरस्थ और ऑनलाइन शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार

:- विद्यार्थियों को एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी शैक्षणिक सुविधाएं

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय और इन्दिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत विश्वविद्यालय परिसर में इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर (एलएससी) की स्थापना की जाएगी, जिससे दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।

एमओयू पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर और इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने हस्ताक्षर किए।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने बताया कि प्रस्तावित केंद्र का उद्देश्य विद्यार्थियों, कामकाजी पेशेवरों तथा दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षार्थियों को सुलभ, लचीली और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। इस केंद्र के माध्यम से छात्रों को शैक्षणिक परामर्श, अध्ययन सामग्री, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा संबंधी सहायता और अन्य शिक्षार्थी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि यह केंद्र विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए लाभकारी साबित होगा जो नियमित शिक्षा प्राप्त करने में असमर्थ हैं या नौकरी के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। साथ ही यह पहल आजीवन और समावेशी शिक्षा की अवधारणा को भी मजबूती देगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने कहा कि इग्नू के साथ यह साझेदारी शिक्षा की पहुंच को व्यापक बनाएगी और विद्यार्थियों के लिए नए अवसर सृजित करेगी। वहीं, डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने कहा कि यह केंद्र समाज तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन और शिक्षार्थी-अनुकूल अकादमिक सहयोग पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

एमओयू हस्ताक्षर समारोह में इग्नू के उपनिदेशक डॉ. राजीव, विश्वविद्यालय की आईक्यूएसी निदेशक प्रो. (डॉ.) सोनिया गंभीर, कुलपति की विशेष कार्याधिकारी डॉ. श्रेया कोटनाला, प्रो. (डॉ.) मनीषा सिंह सहित दोनों संस्थानों के संकाय सदस्य एवं शैक्षणिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हाइलाइटर:-

:- इग्नू और एसजीआरआर विश्वविद्यालय के बीच एमओयू साइन

:- विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित होगा लर्नर सपोर्ट सेंटर

:- प्रवेश, परीक्षा, अध्ययन सामग्री और काउंसलिंग की सुविधा मिलेगी

:- कामकाजी युवाओं और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को होगा लाभ

:- ऑनलाइन एवं दूरस्थ शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *