:- कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय व्यापारियों और लोगों से किया आत्मीय संवाद, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 06 नवंबर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को न्यू कैंट रोड स्थित हाथीबड़कला बाजार पहुंचकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों को मिष्ठान वितरित कर दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने व्यापारियों से आत्मीय संवाद कर त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक आस्था का प्रमुख पर्व है। यह त्योहार अंधकार से प्रकाश की ओर, निराशा से आशा की ओर तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि त्योहार सामाजिक एकता, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का भी अवसर होते हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि दीपावली का पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता लेकर आए। उन्होंने सभी से मिल-जुलकर हर्षोल्लास और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद भूपेंद्र कठेत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।