देहरादून के क्लेमेंटाउन में कार शोरूम में लगी आग, कई गाड़ियां और सामान जला

दमकल और पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, हादसे में कोई जनहानि नहीं

देहरादून, 1 अक्टूबर। क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र के सुभाषनगर स्थित बीएम हुंडई शोरूम में गुरुवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना क्लेमेंटाउन को सुभाषनगर स्थित बीएम हुंडई शोरूम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना क्लेमेंटाउन से पुलिस बल और फायर स्टेशन से दमकल के वाहन तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिस और फायर कर्मियों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की चपेट में आने से शोरूम के भीतर और बाहर खड़ी कुछ गाड़ियां तथा अन्य सामान जल गया।
प्रथमदृष्टया पुलिस को शोरूम में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि, आग लगने के विस्तृत कारणों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही आग से हुई क्षति का भी आंकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *