गांधी-शास्त्री जयंती पर यूजेवीएनएल में गूंजा देशभक्ति का संदेश

:- एमडी अजय कुमार सिंह ने दोनों महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का किया आह्वान

देहरादून, 2 अक्टूबर। यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय उज्ज्वल समेत प्रदेशभर में स्थित कार्यालयों, परियोजनाओं और विद्युत गृहों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्यालय उज्ज्वल में आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के देश के प्रति योगदान और उनके आदर्शों को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आज के परिप्रेक्ष्य में भी अनुकरणीय है। उनके विचार विश्व शांति, समरसता और राष्ट्रहित के लिए प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री द्वारा देशहित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर निदेशक परिचालन जी.एस. बुदियाल, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी एवं आशिष कुमार जैन, महाप्रबंधक संजीव लोहनी, भरत भारद्वाज एवं एस.के. बौंसियाल समेत बड़ी संख्या में निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अभियंता राकेश कुमार चौहान ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *