:- प्रदेश में नर्सिंग सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए अनुभवी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने की मांग तेज
देहरादून। नर्सिंग महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं लेखक अंकित भट्ट ने एक बार फिर नर्सिंग भर्तियों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में नर्सिंग भर्तियां बिना अनुभव के कराई गई थीं, जिसकी वजह उस समय की विशेष परिस्थितियां थीं—जैसे कोरोना महामारी, स्टाफ की भारी कमी और लंबे समय से भर्तियों का न होना।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं, इसलिए अब नर्सिंग सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए अनुभव को प्राथमिकता देना जरूरी है। भट्ट ने कहा कि जब केंद्रीय स्तर की भर्तियों में बिना अनुभव के आवेदन तक स्वीकार नहीं किए जाते, तो राज्य स्तर पर बिना अनुभव के नियुक्तियां देना उचित नहीं है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि अनुभवी नर्सिंग स्टाफ से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होती है, बल्कि मरीजों का भरोसा भी मजबूत होता है। इसलिए आगामी नर्सिंग भर्तियों को अनुभव के आधार पर ही संपन्न किया जाना चाहिए।
भट्ट ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल पर भरोसा जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि सरकार उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी और भर्ती प्रक्रिया में अनुभव को अहम स्थान दिया जाएगा।