छोटी-छोटी समस्याओं से हार न मानें, विषम परिस्थितियों का साहस से करें सामना

:- डीडी कॉलेज ऑफ लॉ में विश्व आत्महत्या निरोध दिवस पर आयोजित हुआ विशेष जागरूकता कार्यक्रम, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. मुकुल शर्मा ने विद्यार्थियों से किया संवाद

देहरादून, 10 सितंबर। डीडी कॉलेज ऑफ लॉ में गुरुवार को विश्व आत्महत्या निरोध दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जाने-माने क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. मुकुल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि डॉ. मुकुल शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार राठी ने स्वागत संबोधन के बाद विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने आज की पीढ़ी में छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर बढ़ती आत्महत्या की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक सोच के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया।

कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ज्योत्सना रमोला ने विद्यार्थियों को किसी भी विषम परिस्थिति का साहस और सूझबूझ के साथ सामना करने पर बल दिया। उन्होंने अपने सारगर्भित उद्बोधन में विद्यार्थियों को जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय उनका डटकर सामना करने के लिए प्रेरित किया।

द्रोणाचार्य कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विनोद शर्मा ने भी विषय से संबंधित अपने विचार साझा किए। उन्होंने आत्महत्या रोकथाम के लिए जागरूकता और संवाद को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रश्न-उत्तर सत्र रहा। इसमें लॉ सहित अन्य विभागों के विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि डॉ. मुकुल शर्मा से विभिन्न सवाल पूछे। डॉ. शर्मा ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का संतोषजनक उत्तर देते हुए उन्हें मानसिक चुनौतियों और विषम परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया। मनोरंजक भाषा एवं सहज शैली में उन्होंने विद्यार्थियों के सामने अपनी बात प्रभावी ढंग से रखी।

कार्यक्रम के अंत में सहायक प्राचार्य महेश्वर नारायण जोशी ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का शानदार संचालन एवं आभार ज्ञापन डीडी कॉलेज ऑफ लॉ के सहायक प्राचार्य डॉ. सुशील पुरोहित ने किया। जागरूकता कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं प्रभावशाली सत्र के रूप में सराहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *