पत्रकारों को दीपावली पर धामी सरकार की सौगात, बढ़ेगी मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या और पेंशन

:- उत्तरांचल प्रेस क्लब के दीपावली महोत्सव में मुख्यमंत्री ने की दो महत्वपूर्ण घोषणाएं, पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि भी 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किए जाने का किया उल्लेख

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए प्रदेश में तहसील, जिला और राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाने तथा पत्रकार पेंशन की राशि में वृद्धि करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों, कल्याण और उनकी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित दीपावली महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों और प्रेस क्लब के सदस्यों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ ही समाज और सरकार के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। पत्रकार आम जनता तक सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी पहुंचाने के साथ ही जनसमस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को शासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में पत्रकारों की सक्रिय और रचनात्मक भूमिका बेहद अहम है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। मीडिया से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक सरकार एवं प्रशासन को विकास योजनाओं के धरातलीय प्रभाव का आकलन करने में मदद करते हैं। देवर्षि नारद की संवाद परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और नई तकनीकों ने पत्रकारिता के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा की हैं। हालांकि फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार भी बड़ी चुनौती है। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि के बाद सही, सटीक और निष्पक्ष जानकारी जनता तक पहुंचाना पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

पत्रकार कल्याण कोष 5 से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही है। वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और उनकी सामाजिक सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार पूर्व में पत्रकार पेंशन में वृद्धि कर चुकी है और पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि भी 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की गई है।

उन्होंने कहा कि मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड को विकास के साथ जनसंचार के क्षेत्र में भी मजबूत पहचान दिलाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रदेश के विकास और जनहित के मुद्दों पर पत्रकारों से रचनात्मक सहयोग की अपेक्षा की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *