शिक्षा मंत्री से मिला अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल

:- मांगपत्र पर बिंदुवार चर्चा और शीघ्र निस्तारण का मिला आश्वासन, सचिव शिक्षा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को शिक्षा मंत्री से उनके शासकीय आवास यमुना कॉलोनी में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षक संघ के सम्मेलन में तैयार किए गए विभिन्न मांगों से संबंधित मांगपत्र भी शिक्षा मंत्री को सौंपा। मांगपत्र पर शिक्षा मंत्री ने गंभीरता से विचार करते हुए सचिव शिक्षा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिक्षा मंत्री ने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही सचिव शिक्षा के साथ अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मांगपत्र में शामिल सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और उचित मांगों के निस्तारण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री के सकारात्मक रुख पर आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि उनकी लंबे समय से लंबित मांगों का जल्द समाधान होगा।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

प्रतिनिधिमंडल में अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के निवर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण, नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष अनिल नौटियाल, प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी, जिला संरक्षक देहरादून आरसी शर्मा, जिलाध्यक्ष देहरादून दिनेश डोबरियाल, जिला मंत्री महावीर सिंह मेहता, जिलाध्यक्ष रुद्रप्रयाग बलवीर सिंह रौथाण, पूर्व जिलाध्यक्ष पौड़ी गढ़वाल मनमोहन सिंह रौतेला, जिला मंत्री चमोली दीप चंद्र सती, विकास कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *