देहरादून STF की बड़ी कार्रवाई: 1.5 करोड़ के हाथी दांत के साथ 2 वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार

:- सितारगंज के बराकोली रेंज में STF और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 7.82 किलो हाथी दांत बरामद

देहरादून, 05 मई 2026। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उधमसिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र से दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 7 किलो 820 ग्राम वजनी हाथी दांत बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

यह कार्रवाई बराकोली वन रेंज, कल्याणपुर में STF कुमाऊं यूनिट और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा देर रात चेकिंग के दौरान की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह के अनुसार, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में हाथी दांत और अन्य वन्यजीव अंगों की अवैध तस्करी की जा रही है। सूचना को स्थानीय स्तर पर विकसित करते हुए संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान मरतुंजय हलदार (32 वर्ष) और माणिक मंडल (35 वर्ष), निवासी शक्तिफार्म, सितारगंज के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ बराकोली रेंज में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बरामद हाथी दांत की लंबाई लगभग 3 फीट 3 इंच और गोलाई 13 इंच बताई गई है। साथ ही आरोपियों के पास से एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

एसएसपी STF ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता मिलने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वन्यजीव तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस या STF हेल्पलाइन 0135-2656202 पर साझा करें।

STF ने स्पष्ट किया है कि राज्य में वन्यजीव अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *