:- तीन दिवसीय बोर्ड अधिवेशन सम्पन्न, बजट 2026-27 सर्वसम्मति से पारित
देहरादून। नगर निगम, देहरादून के चतुर्थ बोर्ड अधिवेशन में शहरवासियों से सीधे जुड़े मुद्दों पर बड़े फैसले लिए गए। महापौर की अध्यक्षता में आयोजित इस अधिवेशन में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को सर्वसम्मति से पारित करते हुए प्रत्येक वार्ड के विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये आवंटित करने की घोषणा की गई।
अधिवेशन की कार्यवाही 29 अप्रैल को शुरू होकर 2 मई को तीसरे दिन पुनः प्रारम्भ हुई, जिसमें विधायक उमेश शर्मा काऊ सहित पार्षदगण मौजूद रहे। बैठक में वार्डों की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने, वर्षा ऋतु में जल निकासी सुधारने और फॉगिंग के लिए आधुनिक उपकरण, ई-ऑटो रिक्शा, कॉम्पैक्टर व अन्य मशीनों की खरीद के प्रस्ताव पारित किए गए।
शहर में बढ़ती पशु संबंधी समस्याओं को देखते हुए पशु कल्याण एवं प्रबंधन पर भी विशेष चर्चा हुई। इसमें डॉग शेल्टर निर्माण, एनिमल एम्बुलेंस, बंदरों को पकड़ने की व्यवस्था, निराश्रित पशुओं की माइक्रोचिपिंग, मृत पशुओं के निस्तारण हेतु इंसीनेरेटर प्लांट स्थापना, गौसदनों के विस्तार और पशु वाहनों की खरीद जैसे अहम प्रस्ताव शामिल रहे।
इसके अलावा शंकरपुर गौसदन व काजीहाउस में सोलर प्लांट लगाने तथा अश्ववंशीय पशुओं पर जुर्माने की राशि बढ़ाने पर भी सहमति बनी।
बैठक में नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित स्मार्ट सिटी, वन विभाग, पीडब्ल्यूडी, जल संस्थान, एनएच, यूपीसीएल और तहसील के अधिकारी उपस्थित रहे। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद तीन दिवसीय अधिवेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।