खनन परिवहन में रिश्वत मांगने वाला कांस्टेबल विजिलेंस के हत्थे चढ़ा

:- 45 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, 1064 पर शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
मोनाल एक्सप्रेस, हल्द्वानी/देहरादून।
सतर्कता अधिष्ठान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन पट्टे से आरबीएम परिवहन में अवैध वसूली करने वाले पुलिस कांस्टेबल को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कांस्टेबल परिवहन में अनावश्यक रोकटोक, चालान और वाहन सीज कराने का भय दिखाकर रिश्वत मांग रहा था।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सरकारी खनन पट्टे पर आरबीएम निकालने का कार्य करता है। आरबीएम को स्थानीय स्टोन क्रेशर तक पहुंचाने के लिए वाहनों का प्रयोग किया जाता है। आरोप था कि कांस्टेबल दीपक सिंह पुत्र खुशाल सिंह निवासी बिलहरी, चकरपुर, थाना खटीमा जनपद ऊधमसिंह नगर, वर्तमान तैनाती थाना बेतालघाट जनपद नैनीताल, परिवहन कार्य में अनावश्यक बाधा डाल रहा था।

शिकायत में कहा गया कि आरोपी वाहन चालान और सीज कराने का डर दिखाकर 45 हजार रुपये की अवैध रिश्वत मांग रहा था। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी ने ट्रैप टीम का गठन किया।

ट्रैप टीम ने रविवार 25 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल दीपक सिंह को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आमजन से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर शिकायत दर्ज करा सकता है।

…………

देहरादून में नगर निगम का सफाई नायक भी रिश्वत लेते गिरफ्तार

देहरादून में सतर्कता अधिष्ठान ने नगर निगम के सफाई नायक अंकुश कुमार को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता ने 1064 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी चांदचक रोड, बंजारावाला स्थित ऑटो पार्ट्स की दुकान के बाहर पानी फैला होने पर उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम-2016 के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया गया था।

आरोप था कि चालान निपटाने के नाम पर आरोपी सुपरवाइजर/सफाई नायक अंकुश कुमार तीन हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज कर ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *