हल्द्वानी में यज्ञ-शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, सीएम आवास कूच पर पुलिस ने रोका

:- भारी बारिश के बीच परेड मैदान से हाथीबड़कला तक गरजे कांग्रेसी; राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमा वापस लेने और यज्ञ-शुद्धिकरण करने वालों पर कार्रवाई की मांग

देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा के बाद हुए यज्ञ एवं शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को देहरादून में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। यज्ञ-शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी बारिश के बीच जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।

परेड मैदान से नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हाथीबड़कला स्थित पुलिस चौकी के पास बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इससे नाराज कार्यकर्ता वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रदेश सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है और लोकतांत्रिक तरीके से उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई की जा रही है।

इससे पहले परेड मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में परिवर्तन की लहर चल रही है और अगले वर्ष उत्तराखंड से इसकी शुरुआत होने जा रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए पूरी मजबूती के साथ जुटने का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया। नेताओं ने भाजपा सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने और विपक्ष के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाती रहेगी और सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रखा जाएगा। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।
…….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *