: कोर्ट फीस के नाम पर 3,500 रुपये की रिश्वत मांग रहा था कर्मचारी, हल्द्वानी विजिलेंस टीम ने बाजपुर सिविल कोर्ट परिसर से किया गिरफ्तार
बाजपुर/हल्द्वानी, 16 जुलाई।
उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिविल कोर्ट बाजपुर में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी शिकायतकर्ता से कोर्ट फीस के नाम पर अवैध धनराशि की मांग कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके विरुद्ध सिविल कोर्ट बाजपुर में एन.आई. एक्ट का एक वाद विचाराधीन है। दोनों पक्षों के बीच समझौता (राजीनामा) होने के बाद जब वह न्यायालय में राजीनामा दाखिल करने पहुंचा, तब वहां तैनात नायब नाजिर ओम चौहान ने कोर्ट फीस के नाम पर 3,500 रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपी को कानून के शिकंजे में लाना चाहता था।
शिकायत का सत्यापन किए जाने पर मामला प्रथम दृष्टया सही पाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी ओम चौहान पुत्र स्व. वीरेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम निवाड़मुंडी, पोस्ट एवं थाना जसपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर को शिकायतकर्ता से 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए माननीय सिविल जज (जूनियर डिवीजन) बाजपुर न्यायालय स्थित कार्यालय से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।
इस सफल कार्रवाई पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर देकर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।