सिलक्यारा टनल में दर्दनाक हादसा, पत्थर गिरने से मजदूर की मौत

 यमुनोत्री हाईवे परियोजना में निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल मजदूर ने अस्पताल में तोड़ा दम; मृतक झारखंड का निवासी

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। निर्माण कार्य के दौरान अचानक ऊपर से पत्थर गिरने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगांव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा 15 जुलाई की मध्य रात्रि करीब 12:20 बजे सिलक्यारा टनल के भीतर निर्माण कार्य के दौरान हुआ। मजदूर अपने कार्य में जुटा हुआ था, तभी अचानक एक बड़ा पत्थर उसके ऊपर आ गिरा। हादसे में उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद टनल में मौजूद अन्य कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन ने घायल मजदूर को तत्काल सीएचसी नौगांव पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।

मृतक मजदूर मूल रूप से झारखंड का निवासी बताया गया है। कंपनी प्रबंधन ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। साथ ही आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं और परिजनों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस हादसे के बाद निर्माण स्थल पर कार्यरत मजदूरों में शोक और चिंता का माहौल है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *