देहरादून। एसीपी का लाभ दिए जाने के लिए फाइल पर साइन करने की ऐवज में 1.20 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) हल्द्वानी ने मुख्य कोषाधिकारी नैनीताल दिनेश कुमार राणा और कोषागार के एकाउंटेंट बसंत कुमार जोशी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नैनीताल निवासी व्यक्ति ने विजिलेंस में शिकायत की थी। जिसमें कहा था कि वह नैनीताल स्थित कोर्ट में कार्यरत हैं। वह और उनके पांच अन्य साथियों को सेवाकाल के तहत एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (एसीपी) का लाभ मिलना था। इसके लिए नियमानुसार तीन सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया था। जिसमें मुख्य कोषाधिकारी नैनीताल भी सदस्य थे।
कमेटी के दो अन्य सदस्यों ने तो रिपोर्ट में हस्ताक्षर कर दिए थे। जबकि मुख्य कोषाधिकारी दिनेश कुमार राणा की ओर से हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे थे। आरोप है कि वह प्रत्येक कर्मचारी से 50-50 हजार देने को कह रहे थे। इस बीच मुख्य कोषाधिकारी कार्यालय में नियुक्त लेखाकार बसंत कुमार जोशी ने फोन कर उन्हें कार्यालय में बुलाया। कार्यालय जाकर जब वह जोशी से मिले तो कहा गया कि मुख्य कोषाधिकारी प्रत्येक कर्मचारी से 50-50 हजार देने को कह रहे हैं। जिसके बाद कुल 1.20 लाख रुपये में हस्ताक्षर करने की बात तय हो गई।शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने कोषाधिकारी कार्यालय में छापा मार कर मुख्य कोषाधिकारी दिनेश कुमार राणा निवासी नैनीताल एवं एकाउंटेंट बसंत कुमार जोशी निवासी गैस गोदाम रोड, हल्द्वानी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपाधीक्षक विजिलेंस अनिल मनराल ने बताया कि शनिवार को आरोपितों को भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में पेश किया गया।