मुख्यमंत्री धामी ने सिलबट्टे पर पीसा नमक, चूल्हे पर बनाई रोटी

:- बूमघाट में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ निभाई परंपरा, बोले— शारदा तटबंध आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव बनेगा
:- मुख्यमंत्री ने ₹65.95 करोड़ की दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का शिलान्यास किया

चम्पावत, 5 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत जनपद के बूमघाट में एक ओर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ परंपरागत अंदाज में सिलबट्टे पर नमक पीसा और चूल्हे पर रोटी बनाकर स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर ₹65.95 करोड़ की दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी विकास सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा तटबंध केवल बाढ़ सुरक्षा परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत नींव है।

मुख्यमंत्री ने ₹60.21 करोड़ की लागत से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के तट पर बाढ़ सुरक्षा तटबंध निर्माण तथा ₹5.74 करोड़ की लागत से पूर्णागिरि तहसील के ग्राम छीनीगोठ की सुरक्षा के लिए हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षात्मक दीवार निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण और एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर उन्होंने सिलबट्टे पर नमक पीसा, चूल्हे पर रोटी बनाई और पारंपरिक चटनी तैयार करने में भी हाथ बंटाया, जिससे महिलाओं और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्वास्थ्य शिविर में मुख्यमंत्री ने निक्षय योजना के तहत पांच लाभार्थियों को पोषण किट भी वितरित की।

शारदा तटबंध सुरक्षित भविष्य की आधारशिला: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा नदी लाखों लोगों की आजीविका और जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि शारदा तटबंध परियोजना क्षेत्र को बाढ़ से सुरक्षा देने के साथ विकास की नई संभावनाएं भी खोलेगी। उन्होंने कहा कि चम्पावत की जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।

शारदा कॉरिडोर से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर :-
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग ₹3300 करोड़ की लागत से विकसित हो रही शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत टनकपुर से बनबसा तक रिवर फ्रंट सहित धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

खेल, शिक्षा और आधारभूत ढांचे पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, ₹58.52 करोड़ का आधुनिक साइंस सेंटर, ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा कृषि, गौशालाओं, सैनिक स्मारक और अन्य विकास कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रबंधन समितियों, पूर्व सैनिकों, व्यापार मंडल, किसानों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद भी किया।

: मुख्य घोषणाएं व प्रमुख बातें :-
₹65.95 करोड़ की दो बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का शिलान्यास।

बूम से टनकपुर तक शारदा तटबंध निर्माण पर ₹60.21 करोड़ खर्च होंगे।

छीनीगोठ में हुड्डी नदी पर ₹5.74 करोड़ की बाढ़ सुरक्षा दीवार बनेगी।

सेवा पखवाड़ा में विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण, लाभार्थियों से संवाद।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर नमक पीसा और चूल्हे पर रोटी बनाई।

निक्षय योजना के पांच लाभार्थियों को पोषण किट वितरित।

शारदा कॉरिडोर सहित धार्मिक एवं पर्यटन परियोजनाओं को गति देने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *