रुचि भट्ट के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा ने पूरा किया एक वर्ष, संगठन विस्तार पर रहा जोर

46 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास, लखपति दीदी सम्मेलनों और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने पर फोकस

देहरादून, 14 सितंबर। भाजपा महिला मोर्चा, उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा हो गया है। महिला मोर्चा ने इस अवधि को संगठनात्मक विस्तार, महिला सशक्तिकरण, जनसंवाद और महिला आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है। मोर्चे के अनुसार, इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ महिलाओं को सरकार की योजनाओं से जोड़ने और स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने एक वर्ष के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों और मंडलों का प्रवास कर महिला कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमियों और ग्रामीण महिलाओं से संवाद किया। टिहरी प्रवास के दौरान उन्होंने महिला उद्यमिता, स्थानीय उत्पादों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण रोजगार से जुड़ी गतिविधियों का भी अवलोकन किया।

महिला आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए प्रदेशभर में लखपति दीदी सम्मेलनों का आयोजन किया गया। इन सम्मेलनों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार, सरकारी योजनाओं, ऋण सुविधाओं तथा स्थानीय उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उन्हें आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित किया गया।

46 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच

महिला मोर्चा के अनुसार, रुचि भट्ट ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रवास और जनसंपर्क के माध्यम से 46 विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं तक पहुंच बनाई। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठकों में कार्यक्रमों का रोडमैप तैयार कर सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति की महिलाओं तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क करने का आह्वान किया गया।

मोर्चे ने सरकार की महिला हितैषी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विभिन्न सामाजिक एवं समसामयिक मुद्दों पर भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। चंपावत प्रकरण सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद

रुचि भट्ट के नेतृत्व में महिला मोर्चा ने संगठनात्मक बैठकों के साथ प्रवास, संवाद, सम्मेलन और जनजागरूकता अभियानों को भी प्राथमिकता दी। मंडल स्तर की महिला कार्यकर्ताओं से लेकर स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण महिला उद्यमियों तक सीधे संवाद को संगठन की प्रमुख गतिविधियों में शामिल किया गया।

रक्षाबंधन जैसे सामाजिक पर्वों को भी महिला मोर्चा ने सामाजिक संवाद और संगठनात्मक आत्मीयता के माध्यम के रूप में मनाया। इन कार्यक्रमों में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

भाजपा महिला मोर्चा के अनुसार, बीते एक वर्ष में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, स्थानीय उत्पादों, स्वयं सहायता समूहों, सरकारी योजनाओं की जानकारी, संगठन विस्तार और जनसंवाद को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया। मोर्चे का कहना है कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को महिला सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए जमीनी स्तर पर कार्य किया जा रहा है।

आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर महिला मोर्चा की बूथ स्तर तक सक्रियता को और बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। संगठन का लक्ष्य महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए प्रदेश की महिलाओं तक सरकार की योजनाओं और भाजपा की नीतियों को पहुंचाना है। इस मौके पर भाजपा की वरिष्ठ नेत्री बीना जोशी, लक्ष्मी अग्रवाल आदि शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *