एटीएम बदलकर ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 66 कार्ड बरामद

:- ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बुजुर्गों को बनाते थे निशाना

देहरादून, 21 अप्रैल 2026: दून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत प्रेमनगर क्षेत्र में एटीएम बदलकर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 66 एटीएम कार्ड और घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की वेन्यू कार (यूपी-14-एफएच-7340) बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में एक गैंग सक्रिय है, जो एटीएम पर मदद के बहाने लोगों से धोखाधड़ी करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 20 अप्रैल को कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की, जिसमें सवार तीनों व्यक्तियों की तलाशी लेने पर 66 एटीएम कार्ड बरामद हुए।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे एटीएम में आने वाले सीधे-साधे और बुजुर्ग लोगों को निशाना बनाते थे। सहायता के बहाने वे उनका पिन देख लेते और चालाकी से एटीएम कार्ड बदल देते थे। बाद में उन्हीं कार्डों से खातों से पैसे निकाल लेते थे।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों ने विकासनगर के हरबर्टपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति का एटीएम बदलकर उसके खाते से 50 हजार रुपये निकालने की बात कबूली है। इस संबंध में कोतवाली विकासनगर में पहले से ही मुकदमा दर्ज है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह ने अब तक करीब 25 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है।

इस मामले में कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा संख्या 113/2026 के तहत धारा 318(4) व 317(2)(3) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अन्य मामलों में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त:

इमरान अली (40) निवासी डाबर तालाब, संगम विहार, गाजियाबाद

नसीरुद्दीन (41) निवासी वेलकम जफराबाद, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली

मोहम्मद खालिद (40) निवासी लोनी, गाजियाबाद

बरामदगी:

66 एटीएम कार्ड (अलग-अलग बैंकों के)

वेन्यू कार (यूपी-14-एफएच-7340)

पुलिस टीम:

उपनिरीक्षक अमित शर्मा (चौकी प्रभारी झाझरा), कांस्टेबल श्रीकांत, बृजमोहन व अनीश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *