
रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कालवाड़ी गांव के पास हुआ हादसा, मृतकों में सात महिलाएं शामिल; बैंक का काम निपटाकर गांव लौट रही थीं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं
देहरादून। पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कालवाड़ी गांव के समीप एक ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत आठ लोगों की जान चली गई। मृतकों में सात महिलाएं शामिल हैं। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगालवाण की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी कार्य से सिद्धखाल गई थीं। काम निपटाने के बाद सभी ईको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कालवाड़ी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। ग्रामीणों, पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में गिरे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में वाहन चालक अनिल देवराड़ा समेत आठ लोगों की मौत हो गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल एक महिला को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजने के प्रयास किए गए।
हादसे में जान गंवाने वालों के नाम
कांती देवी (45), पत्नी दिनेश चंद्र, निवासी भंगालवाड़
रेखा देवी (42), पत्नी प्रेम सिंह, निवासी भंगालवाड़
अनिल देवराड़ा (48), पुत्र जयानंद, निवासी भंगालवाड़ (चालक)
सुमित्रा देवी (50), पत्नी रमेश सिंह, निवासी भंगालवाड़
सुनीता देवी (45), पत्नी महेंद्र सिंह, निवासी भंगालवाड़
धनेश्वरी देवी (46), पत्नी किशन चंद फता, निवासी भंगालवाड़
सरोजनी देवी (38), पत्नी मोहन सिंह, निवासी भंगालवाड़
रजनी देवी (35), निवासी भंगालवाड़
………………
पौड़ी हादसे के बाद सीएम धामी सख्त, प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा का विशेष अभियान चलाने के निर्देश
ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई; पर्वतीय मार्गों पर वाहनों की फिटनेस और चालकों के लाइसेंस की नियमित जांच के निर्देश
देहरादून। पौड़ी जिले के रिखणीखाल में हुए दर्दनाक सड़क हादसे समेत प्रदेश में विगत दिनों हुई सड़क दुर्घटनाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना सभी संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बरतने को कहा।
पर्वतीय मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक और सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण करने और पर्वतीय मार्गों पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने तथा सड़क सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम करने के लिए ठोस, प्रभावी और परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगा।
………….
