:- मुख्यमंत्री धामी ने गांव पहुंचकर पीड़ितों का दर्द जाना, सुरक्षित आवास और बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश; पुनर्वास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे। उन्होंने अग्निकांड में अपना आशियाना और जमा पूंजी गंवाने वाले परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही सर्दी और संभावित बर्फबारी को देखते हुए तत्काल सुरक्षित आवास, आगामी छह माह के राशन तथा बच्चों की शिक्षा निर्बाध जारी रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनकी समस्याओं, जरूरतों तथा अपेक्षाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी मजबूती से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। अग्निकांड से हुए नुकसान का विस्तृत और वास्तविक आकलन कर प्रभावितों को आर्थिक सहायता के साथ जरूरत के अनुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सर्दी और बर्फबारी से पहले सुरक्षित आवास की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के रहने के लिए तत्काल सुरक्षित और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सर्दी के मौसम और क्षेत्र में संभावित बर्फबारी को देखते हुए ऐसी व्यवस्था हो, जिससे किसी भी परिवार को प्रतिकूल मौसम में परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी संबंधित विभाग संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
छह माह के राशन की होगी व्यवस्था, बच्चों की पढ़ाई नहीं रुकेगी
अग्निकांड में घरों के साथ ग्रामीणों का सुरक्षित रखा छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के लिए आगामी छह माह के राशन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उनकी दैनिक जरूरतों का भी ध्यान रखने को कहा।
बच्चों की शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा निरंतर जारी रह सके। उन्होंने बच्चों, माताओं-बहनों और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
गांव की दीर्घकालिक जरूरतों पर भी होगा काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों पर भी काम किया जाएगा। हालांकि, वर्तमान में सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास करना है।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। सरकार का प्रत्येक अधिकारी और पूरा प्रशासनिक तंत्र प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता का विषय नहीं, बल्कि परिवारों को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके जीवन में विश्वास व उम्मीद लौटाने का संकल्प है।
घटना के बाद से लगातार संपर्क में थे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे। वह लगातार घटनाक्रम की जानकारी ले रहे थे और राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे।
इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने, प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत पहुंचाने तथा स्वयं गांव पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने पुनः आश्वस्त किया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और गांव को फिर से व्यवस्थित करने के लिए निरंतर कार्य करेगी।
इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।