युगांडा इंटरनेशनल सीरीज में उत्तराखंड के शटलरों का शानदार प्रदर्शन

:- अक्षिता मनराल ने जीता महिला डबल्स का स्वर्ण और सिंगल्स में रजत, हिमांशु तिवारी ने पुरुष डबल्स में हासिल किया रजत

कंपाला। युगांडा की राजधानी कंपाला के लुगोगो इंडोर स्टेडियम में 1 से 4 अक्टूबर तक आयोजित युगांडा इंटरनेशनल सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट में उत्तराखंड के शटलरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन अंतरराष्ट्रीय पदक अपने नाम किए। देहरादून की अक्षिता मनराल ने महिला डबल्स में स्वर्ण और महिला सिंगल्स में रजत पदक जीता, जबकि काशीपुर के हिमांशु तिवारी ने पुरुष डबल्स में रजत पदक हासिल किया।

अक्षिता का दोहरा प्रदर्शन, सिंगल्स में रजत

महिला सिंगल्स में अक्षिता मनराल ने क्वार्टर फाइनल में युगांडा की फादिलहा शमिका मोहम्मद रफी को 21-15, 21-18 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में उन्होंने अपनी ही जोड़ीदार दिल्ली की ईशिता नेगी को 21-16, 16-21, 21-10 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल में अक्षिता का सामना गुजरात की आयशा गांधी से हुआ। कड़े मुकाबले में उन्हें 20-22, 21-17, 7-21 से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह अक्षिता ने महिला सिंगल्स में रजत पदक अपने नाम किया।

महिला डबल्स में अक्षिता ने जीता स्वर्ण

महिला डबल्स में अक्षिता मनराल ने दिल्ली की ईशिता नेगी के साथ जोड़ी बनाकर शानदार प्रदर्शन किया। क्वार्टर फाइनल में दोनों ने युगांडा की नाज़िफा नकियेंबा और केटे दागिरे की जोड़ी को 21-5, 21-10 से हराया।

सेमीफाइनल में अक्षिता-ईशिता की जोड़ी ने युगांडा की फादिलहा शमिका मोहम्मद रफी और ट्रेसी नालूवुजा की जोड़ी को 22-20, 21-13 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल में भारतीय जोड़ी का सामना सोनाली सिंह और रितिका ठक्कर की जोड़ी से हुआ। रोमांचक मुकाबले में अक्षिता और ईशिता ने 21-18, 19-21, 21-16 से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।

हिमांशु तिवारी ने पुरुष डबल्स में जीता रजत

काशीपुर निवासी हिमांशु तिवारी ने भी पुरुष डबल्स वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया और रजत पदक हासिल किया। सेमीफाइनल मुकाबले में हिमांशु की जोड़ी ने मलेशिया के एंडी यू टंग कोक और यू शेंग लिम की जोड़ी को 21-13, 22-20 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल में हिमांशु की जोड़ी का सामना मलेशिया के हाफिज हाकी हाशिम और मेंग फेंग वोंग की जोड़ी से हुआ। कड़े मुकाबले में हिमांशु की जोड़ी को 20-22, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

लगातार दूसरी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदकों की झड़ी

उत्तराखंड के खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। इससे पहले पिछले सप्ताह आयोजित कंपाला इंटरनेशनल टूर्नामेंट में भी अक्षिता मनराल ने दो रजत पदक, जबकि हिमांशु तिवारी ने एक रजत पदक हासिल किया था।

युगांडा इंटरनेशनल सीरीज में खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक समेत समस्त उत्तराखंड बैडमिंटन परिवार, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और परिजनों ने अक्षिता मनराल व हिमांशु तिवारी को बधाई दी। संघ ने खिलाड़ियों के कोच एवं मेंटोर को भी इस सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *