:- मातृशक्ति, युवाओं और वरिष्ठजनों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की; प्रदेश अध्यक्ष ने महंगाई, रोजगार, निजीकरण और ‘वोट चोरी’ को लेकर भाजपा पर लगाए आरोप
कंडीसौड़/धनौल्टी। कंडीसौड़ में आयोजित परिवर्तन संवाद महारैली एवं जनसभा में कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखाई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र की मातृशक्ति, युवाओं और वरिष्ठजनों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में महंगाई बढ़ी है, रोजगार के अवसर खत्म हुए हैं तथा सरकारी भवनों और संस्थानों का निजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी भाजपा पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया।
गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार से लोग परेशान हो चुके हैं। उनके अनुसार उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ धरातल के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी माहौल साफ नजर आ रहा है। उन्होंने ‘डबल इंजन’ और ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास के नाम पर अपेक्षित काम नहीं हो पाया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जनता इस बार कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस उत्तराखंड में सरकार बनाएगी और धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र में भी पार्टी को जीत मिलेगी।
बड़ी संख्या में लोगों ने ली कांग्रेस की सदस्यता
परिवर्तन संवाद महारैली के दौरान प्रताप सिंह, रमेश लाल, ध्यान सिंह चौहान, पुलम सिंह थलवाल, कुलानंद नौटियाल, तेज सिंह रावत, दलेव सिंह पंवार, भगवान सिंह पंवार, भाव सिंह पंवार, कल्याण सिंह पंवार, अनवीर सिंह पंवार, वीरेंद्र सिंह, विजय पाल सिंह, केदार सिंह, बृजमणि गौड़ एवं सुबोध पंवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस की ओर से पार्टी में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।