वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का सचिवालय कूच, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी, गिरफ्तारी और निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग

:- बैरिकेडिंग पर पुलिस से हुई नोकझोंक

देहरादून। चुनाव संबंधी अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े कथित मामलों को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को देहरादून में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सचिवालय कूच किया। पुलिस ने सचिवालय से पहले दो लेयर की बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए।

कांग्रेस की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी, उन्हें तत्काल बर्खास्त करने और उनके निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से जुड़े मामलों में गंभीर सवाल उठे हैं। पार्टी की ओर से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई।

प्रदेश कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, सह प्रभारी मनोज यादव, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी समेत विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग शामिल हुए।

इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ता राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एकत्र हुए। यहां से जुलूस के रूप में सचिवालय के लिए रवाना हुए। सुभाष रोड पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध स्वरूप मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी दहन किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी। कांग्रेस की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त के निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा कराने और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की जांच की मांग दोहराई गई।

कांग्रेस के इस प्रदर्शन को 25 सितंबर को देशभर में चुनाव आयोग के खिलाफ आयोजित पार्टी के विरोध कार्यक्रम का हिस्सा बताया गया है। विभिन्न राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे अथवा उन्हें पद से हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *