यूजेवीएनएल के एमडी अजय कुमार सिंह को मिला 5वां आईजीएसआई उत्तराखंड रत्नश्री अवार्ड

जल विद्युत क्षेत्र में करीब तीन दशक के योगदान, परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सुशासन के लिए मिला सम्मान

देहरादून, 22 सितंबर 2026। ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, बेहतर योजना, प्रभावी क्रियान्वयन और सुशासन के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के लिए यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह को 5वें आईजीएसआई उत्तराखंड रत्नश्री अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तराखंड के जल विद्युत क्षेत्र में उनके करीब तीन दशक के योगदान तथा परियोजनाओं के विकास, निर्माण और परिचालन में उनके नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया।

इंटरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इंडिया, उत्तराखंड चैप्टर की ओर से आयोजित ‘उत्तराखंड डेवलपमेंट कॉन्क्लेव’ के समापन समारोह में प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं इंटरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इंडिया, देहरादून के अध्यक्ष डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने अजय कुमार सिंह को यह सम्मान प्रदान किया।

अजय कुमार सिंह को यह अवार्ड जल विद्युत परियोजनाओं के विकास एवं निर्माण के क्षेत्र में उनके लगभग तीन दशक के अनुभव, योजनाबद्ध एवं प्रभावी कार्य निष्पादन, परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन तथा सुशासन और संस्थागत कार्यप्रणाली को मजबूत करने में निरंतर योगदान के लिए दिया गया।

उनके नेतृत्व में यूजेवीएनएल की ओर से ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने, मौजूदा जल विद्युत परियोजनाओं के आधुनिकीकरण, नई परियोजनाओं के विकास तथा ऊर्जा क्षेत्र में नई प्रौद्योगिकियों और भंडारण प्रणालियों को अपनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य राज्य में किफायती, स्वच्छ और विश्वसनीय ऊर्जा की उपलब्धता बढ़ाने के साथ उत्तराखंड की दीर्घकालीन ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद अजय कुमार सिंह ने आयोजकों और विशेष रूप से प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से अधिक यूजेवीएनएल के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की सामूहिक मेहनत, प्रतिबद्धता और टीम भावना का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि जल विद्युत उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आवश्यकताओं का महत्वपूर्ण आधार है। यूजेवीएनएल राज्य की ऊर्जा क्षमता बढ़ाने, परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने और उपलब्ध संसाधनों के अधिकतम एवं सतत उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

अजय कुमार सिंह ने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता, तकनीकी दक्षता, जवाबदेही और समयबद्ध परियोजना क्रियान्वयन को प्राथमिकता देते हुए यूजेवीएनएल को अधिक सक्षम, प्रभावी और उत्कृष्ट ऊर्जा संस्था के रूप में विकसित करने का प्रयास जारी रहेगा।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने अजय कुमार सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में यूजेवीएनएल जल विद्युत परियोजनाओं के विकास, निर्माण और परिचालन के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा। यूजेवीएनएल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उन्हें सम्मान के लिए बधाई दी और इसे उनके दीर्घकालीन योगदान के साथ निगम की सामूहिक उपलब्धियों का गौरवपूर्ण अवसर बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *