:- सामाजिक संस्था नव ज्योति जन कल्याण समिति ने उत्तराखंड बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड के तत्वावधान में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया
:- प्रधानमंत्री अभ्युदय योजना के तहत एमएस ऑफिस और एचटीएमएल का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण, ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
कमांद (थौलधार), टिहरी गढ़वाल। प्रधानमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत विकासखंड थौलधार के कमांद में अनुसूचित जाति के 35 युवक-युवतियों को दिया गया पांच माह का निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। सामाजिक संस्था नव ज्योति जन कल्याण समिति ने उत्तराखंड बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड के तत्वावधान में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को कंप्यूटर के साथ एमएस ऑफिस एवं एचटीएमएल का व्यावहारिक और तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। आधुनिक प्रशिक्षण पद्धति के तहत प्रोजेक्टर के माध्यम से युवाओं को कंप्यूटर संबंधी विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।
समापन अवसर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम के मास्टर ट्रेनर ने कहा कि कंप्यूटर आज केवल जरूरत नहीं, बल्कि जीवन और रोजगार की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से युवाओं के हुनर में वृद्धि होगी और उनके लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
संस्था के अध्यक्ष परशुराम डोभाल ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ना संस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि संस्था भारत सरकार एवं राज्य सरकार के विभिन्न उपक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के कौशल विकास के लिए लगातार कार्यक्रम संचालित कर रही है।
प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं ने प्रधानमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार और संबंधित विभाग का आभार जताया। युवाओं ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें कंप्यूटर के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान मिला है, जो भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए उपयोगी साबित होगा।
जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह रांगड़ ने कहा कि क्षेत्र के वंचित एवं ग्रामीण युवक-युवतियों तथा महिलाओं को इस तरह के प्रशिक्षण से जोड़ने से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलता है। कौशल विकास से युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ने के साथ उनकी आजीविका के अवसर भी बढ़ते हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी शिक्षा के विस्तार को समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान भगवान सिंह महर, विनेश, बलवीर सिंह, राजेश कुमार सहित प्रशिक्षु नीलम, सुमित कुमार, संतोषी, गीता, कुलवीर, कविता, संजना आदि मौजूद रहे।