मोहब्बेवाला में डिवाइडर से टकराया सीमेंट से भरा ट्रक, एक की मौत, दो घायल

:- हादसों की पुनरावृत्ति पर पुलिस सख्त, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को तीन दिन में जवाब देने का नोटिस

देहरादून, 20 सितंबर 2026। मोहब्बेवाला चौक के पास रविवार सुबह सीमेंट से भरा एक ट्रक डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस, फायर सर्विस और ट्रैफिक पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को उपचार के लिए राजकीय दून चिकित्सालय भेजा गया।

पुलिस के अनुसार ट्रक संख्या HR38AB0216 सहारनपुर से सीमेंट लेकर देहरादून आ रहा था। मोहब्बेवाला चौक के पास ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। दुर्घटना में जमील पुत्र मकसूद, निवासी छुटमलपुर, जिला सहारनपुर, उम्र 50 वर्ष की मौत हो गई। उसके शव को कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा मृतक के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।

हादसे में बबलू कश्यप पुत्र कल्लन, निवासी मोहब्बेवाला, देहरादून, मूल निवासी बाराबंकी, उत्तर प्रदेश, उम्र 45 वर्ष और रोली पुत्री बबलू कश्यप, निवासी मोहब्बेवाला, देहरादून, उम्र 18 वर्ष घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए राजकीय दून चिकित्सालय भेजा गया।

चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ धारा 105 बीएनएस के तहत गैर इरादतन हत्या का अभियोग कोतवाली पटेलनगर में पंजीकृत किया जा रहा है।

लगातार हो रहे हादसों पर एनएच विभाग को नोटिस

मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए देहरादून पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को पूर्व में भी दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के संबंध में अवगत कराया गया था। रविवार को पुलिस की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को दोबारा लिखित नोटिस भेजा जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित विभाग के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *