शिक्षक और एनसीसी अधिकारी पर छात्रा से छेड़खानी का आरोप, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज

एनसीसी कक्ष में बुलाकर दुपट्टा खींचने का आरोप, छात्रा ने घर पहुंचकर पिता को बताई घटना; पुलिस ने शुरू की जांच

उत्तरकाशी। मनेरी थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में छात्रा से छेड़खानी के आरोप में एक शिक्षक और एनसीसी अधिकारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि शिक्षक छात्रा को एनसीसी अधिकारी के बुलाने की बात कहकर एनसीसी कक्ष में ले गया, जहां शिक्षक और एनसीसी अधिकारी ने उसके साथ छेड़खानी का प्रयास किया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया है कि बीती बुधवार को सरकारी विद्यालय में एनसीसी की कक्षाएं संचालित हो रही थीं। इसी दौरान एक शिक्षक ने छात्रा से कहा कि एनसीसी अधिकारी उसे बुला रहे हैं। इसके बाद छात्रा शिक्षक के साथ एनसीसी कक्ष में पहुंची।

आरोप है कि एनसीसी कक्ष में शिक्षक और एनसीसी अधिकारी ने छात्रा का दुपट्टा खींचकर उसके साथ छेड़खानी की। छात्रा किसी तरह वहां से बचकर अपनी कक्षा में पहुंची और अपने दोस्तों को घटना की जानकारी दी। दोस्तों ने उसे अन्य शिक्षकों को घटना बताने की सलाह दी, लेकिन तब तक विद्यालय की छुट्टी हो चुकी थी।

इसके बाद छात्रा ने घर पहुंचकर अपने पिता को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पीड़िता के पिता ने मनेरी थाने पहुंचकर शिक्षक और एनसीसी अधिकारी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *