:- ई-मेल के जरिए मिली धमकी से मचा हड़कंप, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने की सघन तलाशी
मसूरी, 23 जून। मसूरी नगर पालिका परिषद कार्यालय और नगर पालिका अध्यक्ष कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। धमकी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के माध्यम से भेजी गई थी।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद मसूरी के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने कोतवाली मसूरी में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि नगर पालिका परिषद कार्यालय और अध्यक्ष कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। कोतवाली मसूरी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर पूरे परिसर की गहन जांच कराई गई। साथ ही घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर कोतवाली मसूरी में मुकदमा संख्या 21/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3), 351(4) और 113(ख) में अभियोग दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और उसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए साइबर माध्यमों से जांच की जा रही है। मामले की सभी पहलुओं से पड़ताल की जा रही है।