हिंसा पीड़ित महिलाओं को अब मिलेगी त्वरित मदद, सखी सेंटर होगा और अधिक सक्रिय

:- डीएम डॉ. आशीष चौहान के निर्देश: चिकित्सा, पुलिस, कानूनी सहायता से लेकर आश्रय तक सभी सेवाएं होंगी तत्पर

देहरादून, 23 जून। महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं पर संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला प्रशासन ने सखी वन स्टॉप सेंटर को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हिंसा से पीड़ित महिलाओं को बिना किसी देरी के हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

समाधान दिवस के दौरान महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि सर्वे चौक स्थित कामकाजी महिला छात्रावास परिसर में संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर को एक्टिव मोड में संचालित किया जाए तथा महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और पुनर्वास से संबंधित सभी सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि घरेलू हिंसा, शोषण, उत्पीड़न अथवा किसी भी प्रकार की हिंसा से प्रभावित महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को एक ही स्थान पर निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, पुलिस सहायता, मनोवैज्ञानिक एवं सामाजिक परामर्श, रेस्क्यू सेवा, विधिक सहायता तथा अस्थायी आश्रय जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र का मुख्य उद्देश्य संकटग्रस्त महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।

जिला प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में वे बिना संकोच सखी वन स्टॉप सेंटर से संपर्क करें। प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक पीड़ित महिला तक समयबद्ध, संवेदनशील और प्रभावी सहायता पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *