:- राजस्व व पुलिस टीम की मौजूदगी में अतिक्रमण ध्वस्त, सरकारी जमीन कब्जामुक्त
:- डीएम बोले- जनपद में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी कीमत पर नहीं होंगे बर्दाश्त
देहरादून, 2 जून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में तहसील विकासनगर के शीशमबाड़ा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बने एक अवैध मजार और अन्य अस्थायी निर्माणों को प्रशासन ने ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से अंजाम दिया। प्रशासनिक जांच में संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज पाई गई थी, जिस पर अवैध रूप से कब्जा कर मजार संचालित किया जा रहा था।
प्रशासन के अनुसार कार्रवाई से पूर्व नियमानुसार नोटिस जारी करने सहित सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गई थीं। इसके बाद राजस्व विभाग ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि सरकारी भूमि जनता की संपत्ति है और उस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
उन्होंने अधिकारियों को सरकारी भूमि पर नए अतिक्रमण रोकने के लिए नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।