:- पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चमियाला में विद्यार्थियों ने खेल, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों में दिखाया उत्साह
चमियाला (टिहरी गढ़वाल)। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चमियाला में आयोजित सात दिवसीय समर कैंप का समापन मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
समर कैंप का शुभारंभ 27 मई को प्रधानाचार्य रवीन्द्र सिंह तनवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया था। उन्होंने विद्यार्थियों को शिविर की रूपरेखा एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान प्रतिदिन योग प्रशिक्षक द्वारा योगाभ्यास कराया गया। इसके अलावा खेलकूद, पेंटिंग, क्ले क्राफ्ट, कहानी लेखन, कविता पाठ, चुटकुला प्रतियोगिता, मेहंदी, रंगोली, लोक परिधान में रैंप वॉक, बैंड प्रतियोगिता, लोकधुन, निबंध लेखन तथा विभिन्न भारतीय भाषाओं से संबंधित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रतिदिन जलपान भी उपलब्ध कराया गया।
समापन समारोह में प्रधानाचार्य रवीन्द्र सिंह तनवार ने समर कैंप को सरकार एवं शिक्षा विभाग की छात्र हित में एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) अध्यक्षा ममता रावत, शिक्षक अभिभावक संघ अध्यक्ष पूरण परमार, समर कैंप प्रभारी उत्तम सेमवाल, संजीव सेमवाल, उत्तम सिंह कोहली, शोभा शर्मा, सुनील बिष्ट, विनीता कोटनाला, रोशन शाह, रणवीर राणा एवं लता थपलियाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।