देहरादून फुटबाल एकेडमी का 15वां ग्रीष्मकालीन फुटबॉल कैंप शुरू

:- पहले दिन 45 बालक-बालिकाओं ने लिया प्रशिक्षण, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोफेशनल क्लबों में मिलेगा मौका

देहरादून, 1 जून। देहरादून फुटबाल एकेडमी (डीएफए) के 15वें ग्रीष्मकालीन फुटबॉल कैंप का शुभारंभ सोमवार को गूलर घाटी रोड स्थित भागीरथ एन्क्लेव फुटबॉल ग्राउंड में हुआ। कैंप के पहले दिन 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 45 बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कैंप का उद्घाटन विधानसभा अधिकारी एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी विनेश राणा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गोपाल रावत तथा विमल सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को फुटबॉल की बुनियादी तकनीकों और खेल की विभिन्न जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।

डीएफए के हेड कोच डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि कैंप के दौरान खिलाड़ियों को पासिंग, ड्रिब्लिंग, शूटिंग, बॉल कंट्रोल, आई कॉन्टैक्ट, हेड वर्क, चेस्ट वर्क, जगलिंग, डाइट, बॉल पजेशन सहित गोलकीपर, स्टॉपर, मिडफील्डर और फॉरवर्ड की भूमिका का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वह पिछले 27 वर्षों से उत्तराखंड के खिलाड़ियों, कोचों और रेफरियों को प्रशिक्षण देकर उनका भविष्य संवार रहे हैं। वहीं, पिछले 15 वर्षों से डीएफए के माध्यम से अनेक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में सफल रहे हैं। फुटबॉल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. रावत और एकेडमी को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

डीएफए द्वारा प्रतिवर्ष ऑल इंडिया गढ़वाल कप, चैलेंज कप, दून कप, राज्य आंदोलनकारी शहीद मेमोरियल तथा पहाड़ी कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों का आयोजन भी किया जाता है।

डॉ. रावत ने बताया कि कैंप में प्रतिभाशाली एवं आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोफेशनल फुटबॉल क्लबों में चयन का अवसर मिलेगा। कैंप के समापन अवसर पर 25 जून को सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान किए जाएंगे।

कैंप में प्रशिक्षण की जिम्मेदारी हेड कोच डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत (अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, कोच एवं राष्ट्रीय रेफरी) के साथ सहायक कोच आशीष नेगी, तेजीन, विमल रावत और खड़क बहादुर थापा संभाल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *