:- फर्जी सोशल मीडिया पेज और व्हाट्सएप नंबरों के जरिए श्रद्धालुओं से ठगी, देशभर में फैले नेटवर्क के मिले सुराग
देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर ठगने वाले संगठित साइबर गिरोह के खिलाफ उत्तराखंड एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसटीएफ की “चारधाम यात्रा एंटी हेली फ्रॉड सेल” ने बिहार के नालंदा जिले से दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जांच में देशभर में फैले साइबर ठगी नेटवर्क के अहम सुराग मिले हैं।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दीपक कुमार निवासी बिहार शरीफ, नालंदा तथा विजित कुमार उर्फ मिकी निवासी शेखपुरा, बिहार के रूप में हुई है। दोनों पर फर्जी फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम अकाउंट, व्हाट्सएप नंबर और बैंक खातों के जरिए चारधाम यात्रा के श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग का झांसा देकर ठगी करने का आरोप है।
जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को अधिकृत हेली सेवा एजेंट बताकर श्रद्धालुओं को “तुरंत कन्फर्म टिकट”, “वीआईपी दर्शन” और “सीमित सीट” जैसे प्रलोभन देते थे। भुगतान मिलने के बाद फर्जी टिकट भेजकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी की जाती थी। गिरोह विभिन्न लोगों के बैंक खातों को म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल करता था और एटीएम के माध्यम से रकम निकालकर आपस में बांट लेता था।
एसटीएफ ने कार्रवाई के दौरान पांच बैंक पासबुक, एक चेकबुक, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, सिम कार्ड से जुड़ी सामग्री तथा अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। जांच में गिरफ्तार आरोपियों के खातों से जुड़ी कई एनसीआरपी शिकायतें भी सामने आई हैं।
विवेचना के दौरान बिहार पुलिस और गृह मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) से मिले इनपुट के आधार पर एक अन्य साइबर अपराधी शिव कुमार पासवान उर्फ फुलटून की भूमिका भी सामने आई है। उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ ने खुलासा किया है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है और इसमें नाबालिगों को भी साइबर अपराध में शामिल किए जाने के संकेत मिले हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
एसएसपी एसटीएफ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल अधिकृत पोर्टल से ही करें और किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया लिंक, व्हाट्सएप नंबर या वेबसाइट पर भरोसा न करें। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई
-
बिहार से दो मुख्य साइबर आरोपी गिरफ्तार
-
चारधाम हेली बुकिंग फ्रॉड का खुलासा
-
देशभर में फैले नेटवर्क के मिले सुराग
-
बैंक खाते, एटीएम कार्ड और डिजिटल साक्ष्य बरामद
-
300 फर्जी सोशल मीडिया लिंक और 100 से अधिक संदिग्ध व्हाट्सएप नंबर ब्लॉक
-
कई राज्यों में फैले साइबर गिरोह की जांच जारी