विकसित भारत 2047 की आधारशिला है उच्च शिक्षा, युवाओं को बनना होगा रोजगार सृजक: मुख्यमंत्री धामी

:- शिवालिक कॉलेज में आयोजित विचार गोष्ठी में बोले मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को बताया शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव का माध्यम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास के क्षेत्र में हुए व्यापक सुधार भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

शनिवार को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून में “विकसित भारत 2047 के निर्माण में उच्च शिक्षा का महत्त्व” विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को भारतीय शिक्षा प्रणाली के पुनरोद्धार की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह नीति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुसंधान, नवाचार और व्यावहारिक कौशल को बढ़ावा देने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों को केवल शिक्षण केंद्र नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के उत्कृष्ट केंद्रों के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश की विकास यात्रा को नई गति दी है और आज भारत विज्ञान, प्रौद्योगिकी, रक्षा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य तथा शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड शिक्षा, ज्ञान और अध्यात्म की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। राज्य सरकार स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, ऑनलाइन शिक्षण सुविधाओं तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दून विश्वविद्यालय में स्थापित सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन और अनुसंधान को नई दिशा देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में युवाओं को कौशल, नवाचार और नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाना आवश्यक है। इसके लिए राज्य सरकार उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय, इंटर्नशिप, इंडस्ट्री-लिंक्ड पाठ्यक्रमों तथा स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन सेंटरों को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाला बनाना है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षाविदों, विशेषज्ञों और प्रबुद्धजनों से विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के अध्यक्ष सुनील कुमार, उपाध्यक्ष अजय कुमार सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद और विशेषज्ञ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *