हाय रे महंगाई : 10 दिनों में चौथी बार बढ़े पेट्रोल- डीजल के दाम

:- पेट्रोल 2.61 और डीजल 2.71 रुपये महंगा
देहरादून। देशभर में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच तेल कंपनियों ने एक बार फिर ईंधन के दामों में बड़ा इजाफा कर दिया है। देर रात जारी नई दरों के अनुसार पेट्रोल पर 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

लगातार बढ़ती कीमतों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 10 दिनों में पेट्रोल के दामों में चार बार वृद्धि हो चुकी है। इस दौरान पेट्रोल कुल 7.40 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। नई कीमतें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल करीब 99.51 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि मुंबई में पेट्रोल 108.45 रुपये प्रति लीटर के पार निकल गया है।

डीजल के दाम बढ़ने का असर अब परिवहन व्यवस्था और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से फल-सब्जियों, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में भी तेजी आ सकती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जल्द राहत नहीं मिली तो आने वाले दिनों में ईंधन के दामों में और बढ़ोतरी संभव है।

वहीं लगातार महंगाई की मार झेल रही आम जनता में इस फैसले को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि पहले से बढ़े घरेलू खर्चों के बीच पेट्रोल-डीजल की नई कीमतों ने परिवार का मासिक बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।

हाइलाइटर:-
:- पेट्रोल 2.61 रुपये प्रति लीटर महंगा

:- डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़ा

:- 10 दिनों में चौथी बार बढ़े दाम

:- पेट्रोल 7.40 रुपये प्रति लीटर तक महंगा

:- दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये प्रति लीटर

:- मुंबई में पेट्रोल 108.45 रुपये के पार

:- बढ़ सकती हैं परिवहन और खाद्य वस्तुओं की कीमतें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *