:- “क्यालु- हिम तेंदुआ” शुभंकर का अनावरण, युवाओं संग दौड़े मुख्यमंत्री
:- 27 राज्यों और 2 देशों से 900+ प्रतिभागियों का पंजीकरण, सीमांत पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” के काउंटडाउन रन कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में हिस्सा लिया और आयोजन के शुभंकर “क्यालु- हिम तेंदुआ” का भी अनावरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जगाने का अभियान है। उन्होंने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा भरा हुआ है।
उन्होंने कहा कि नीति घाटी जैसे दुर्गम क्षेत्र में दौड़ना केवल शारीरिक क्षमता नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास की भी परीक्षा है। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को देवभूमि उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का “ब्रांड एंबेसडर” बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सीमांत गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं” विजन को यह आयोजन साकार कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मई 2026 को नीति घाटी में आयोजित होने वाला यह आयोजन उत्तराखंड के एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म के इतिहास में नया अध्याय लिखेगा। उन्होंने बताया कि देश के 27 राज्यों और 2 देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने इस आयोजन के लिए पंजीकरण कराया है, जो युवाओं में बढ़ते आकर्षण को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” जैसे अभियानों से देश में फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है तथा राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद नरेंद्र भंडारी सहित अनेक प्रतिभागी उपस्थित रहे।
हाइलाइट्स:-
31 मई को नीति घाटी में होगा मेगा अल्ट्रा रन आयोजन
एडवेंचर स्पोर्ट्स के जरिए सीमांत क्षेत्रों को मिलेगी नई पहचान
युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह, मुख्यमंत्री ने बढ़ाया हौसला