भारत मौसम विज्ञान विभाग का अलर्ट: उत्तराखंड में 4–5 मई को आंधी, तूफान और भारी बारिश की चेतावनी, इन जिलों में किया अलर्ट

:- देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं तेज बारिश, ओलावृष्टि की चेतावनी

:- ऑरेंज अलर्ट जारी, 40–50 किमी/घंटा की तेज हवाएं, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली की संभावना

देहरादून: राज्य में संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 4 और 5 मई 2026 के लिए कई जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चेतावनी के अनुसार देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं तेज बारिश, ओलावृष्टि, गरज-चमक और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इसके अलावा 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी इसी तरह के खराब मौसम की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से सभी जिलों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। 2 मई से 6 मई तक प्रदेश के अन्य जनपदों में येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर नियंत्रण, संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और राहत-बचाव दलों को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और बीआरओ को संभावित मार्ग अवरोध की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने, संचार माध्यम चालू रखने और आपदा उपकरणों को तैयार स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में भी विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *