:- बल्लूपुर से बल्लीवाला तक निकली रैली में शीर्ष नेतृत्व शामिल, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
देहरादून, संवाददाता। उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर रविवार को राजधानी देहरादून में विशाल जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। युवा नेता रितेश छेत्री के संयोजन में निकली यह रैली बल्लूपुर चौक से बल्लीवाला नाथ पैलेस तक पहुंची, जिसमें कांग्रेस के शीर्ष नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भाग लिया।
रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत विशेष रूप से मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता आज महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने में सरकार की उदासीनता दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा छात्रों के उत्पीड़न और अमानवीय व्यवहार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिसके विरोध में कांग्रेस सड़कों पर उतरी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हमेशा शांति और सुरक्षा की रही है, लेकिन वर्तमान हालात चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है और यह रैली जनता के गुस्से का प्रतीक है।
प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। सरकार के पास युवाओं के लिए कोई ठोस योजना नहीं है, ऐसे में कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी।
कार्यक्रम संयोजक रितेश छेत्री ने कहा कि यह रैली युवाओं और आम जनता की आवाज है। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली से पहले लगाए गए कांग्रेस के बैनर-पोस्टर फाड़ दिए गए, जबकि अन्य दलों के पोस्टर सुरक्षित रहे, जो सरकार के पक्षपातपूर्ण रवैये को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय, युवाओं को रोजगार और प्रदेश में सुरक्षित माहौल नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस ने साफ किया कि यह रैली आंदोलन की शुरुआत है और आने वाले समय में पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर और बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेगी।
रैली में संजय शर्मा, लालचंद शर्मा, आनंद बहुगुणा, प्रदीप जोशी, सुमित्रा ध्यानी, अनुराग गुप्ता, दीप वोहरा, पिया थापा, राजकुमार जायसवाल, पीयूष जोशी, वंश, प्रियांशु गौड़, राजीव प्रजापति, शुभम सैनी, कासिम चौधरी, राजेश शर्मा, मोहित ग्रोवर, अवधेश, माही जेटली सहित बड़ी संख्या में युवा और कार्यकर्ता मौजूद रहे।