डोबरा-चाटी झील में तूफान का कहर, फ्लोटिंग हटमेंट बहने से मची अफरा-तफरी — SDRF ने 30 लोगों को सुरक्षित निकाला
:- तेज आंधी-तूफान में फंसे पर्यटकों का सफल रेस्क्यू, एसडीआरएफ उत्तराखंड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
देहरादून/टिहरी गढ़वाल: जनपद टिहरी गढ़वाल के डोबरा-चाटी क्षेत्र में शनिवार शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने झील क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी। तेज हवाओं के कारण झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट क्षतिग्रस्त होकर बह गए, जिससे वहां मौजूद लोगों के फंसे होने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही आपदा कंट्रोल रूम ने तुरंत SDRF उत्तराखंड को अलर्ट किया। कोटी कॉलोनी स्थित पोस्ट से सब-इंस्पेक्टर नरेंद्र राणा के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर SDRF टीम ने पाया कि तेज तूफान के चलते फ्लोटिंग हटमेंट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे और कई लोग झील में फंसे हुए थे। खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान SDRF ने करीब 25 से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को पर्यटन विभाग की नाव के माध्यम से सुरक्षित कोटी कॉलोनी पहुंचाया गया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
यह सफल रेस्क्यू ऑपरेशन एक बार फिर SDRF की मुस्तैदी, दक्षता और आपदा प्रबंधन क्षमता का उदाहरण बना है।