यूजेवीएनएल ने बढ़ाया बिजली उत्पादन, 10 दिनों में 5 मिलियन यूनिट की बढ़ोतरी

:- रामगंगा जल विद्युत परियोजना शुरू होने से मिला सहारा, पीक आवर्स में 886 मेगावाट उत्पादन

देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड (यूजेवीएनएल) ने अपने विद्युत गृहों के बेहतर प्रबंधन और समन्वय के चलते बिजली उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। बदलते मौसम और बढ़ती मांग को देखते हुए निगम लगातार उत्पादन बढ़ाने के प्रयास कर रहा है।

इसी क्रम में 19 अप्रैल 2026 को निगम प्रबंधन ने विशेष प्रयास करते हुए कालागढ़ स्थित रामगंगा जल विद्युत परियोजना का संचालन शुरू कराया। इसके लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से समन्वय स्थापित किया गया, जिससे उत्पादन में सकारात्मक बढ़ोतरी देखने को मिली है।

निगम के अनुसार, पिछले करीब 10 दिनों में कुल विद्युत उत्पादन में लगभग 5 मिलियन यूनिट (MU) की वृद्धि दर्ज की गई है। यह उपलब्धि ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब विभिन्न नदियों का जल स्तर पिछले वर्ष की तुलना में कम है और उत्पादन प्रभावित हो रहा है। हालांकि, गर्मी बढ़ने के साथ ग्लेशियरों के पिघलने से जल स्तर में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि निगम उपलब्ध जल संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए राज्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में जुटा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दैनिक उत्पादन पिछले वर्ष के समान स्तर पर बना हुआ है।

उन्होंने जानकारी दी कि शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक के पीक आवर्स में, जब बिजली की मांग सबसे अधिक होती है, निगम अपनी 1000 मेगावाट की स्थापित क्षमता के मुकाबले लगभग 886 मेगावाट उत्पादन कर रहा है। इससे राज्य की लगभग 2600 मेगावाट की पीक मांग का एक तिहाई हिस्सा पूरा किया जा रहा है।

अजय कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले माह में उत्पादन और बढ़ाने की योजना है। इसके तहत विभिन्न विद्युत गृहों की मशीनों का व्यापक अनुरक्षण कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं और मुख्यालय स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

उन्होंने कहा कि साथ ही आधुनिकीकरण, नवीनीकरण और उच्चीकरण (RMU) के कार्य भी तेजी से चल रहे हैं। इन सभी प्रयासों के पूरा होने के बाद मशीनों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और उत्पादन में और सुधार आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *