:- देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बदमाश ढेर—पश्चिमी यूपी के शातिर अपराधी गिरफ्तार
देहरादून, 26 अप्रैल। ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बसंत विहार क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।
घटना 25/26 अप्रैल की रात हरबंशवाला बैरियर पर हुई, जहां पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक नीली स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे बैरियर तोड़कर तेज रफ्तार से फरार हो गए।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से पुलिस ने दो अवैध देशी तमंचे (.315 बोर), जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान अब्दुला (37) निवासी सहारनपुर और शाहनवाज सलमानी निवासी सहारनपुर/सहसपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अब्दुला एक शातिर अपराधी है, जिस पर सहारनपुर, मेरठ और गाजियाबाद में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।