देहरादून। महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र के कांवली ब्लॉक में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम की संयोजक महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती अंजू भारती रहीं। इस अवसर पर न्याय यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाली महिला कांग्रेस की साथियों को उपहार भेंट कर उनके योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड न्याय यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महिलाओं का यह उत्साह और समर्पण कांग्रेस पार्टी की ताकत है। कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों और सशक्तीकरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। महिला कांग्रेस की साथी संगठन की रीढ़ हैं और उनके सहयोग से पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत होगा।
डॉ. गोगी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अभी से कमर कसनी होगी। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाएं। जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने आगे कहा कि आज देश के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का नारा है— “वोट चोर, गद्दी छोड़।” लोकतंत्र में जनता के मताधिकार की रक्षा सर्वोपरि है। देश को वोट चोरी के आरोपों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाली प्रवृत्तियों से बचाने के लिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संघर्ष करेगा। मतदाता सूची की पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा करना हमारी प्राथमिकता है।
डॉ. गोगी ने कहा कि कांवली ब्लॉक की महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह यह विश्वास दिलाता है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में संगठन मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा। उन्होंने सभी महिलाओं से एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और देहरादून कैंट विधानसभा में कांग्रेस की जीत के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती अंजू भारती ने महिला कांग्रेस की साथियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती अंजू भारती, पूनम गुप्ता, कौशल्या देवी, सीमा, शिवा कुमारी, निशा देवी, सपना, श्वेता, प्रीति गुप्ता, शांति देवी, निशा देवी, सुनीता, शीला, रीता शर्मा, बाला रानी, किरण, सोनी देवी, पूनम भट्ट, लक्ष्मी देवी, गुड़िया एवं राजरानी सहित महिला कांग्रेस की अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।